बीएलओ, सुपरवाइजरों और एईआरओ को समझाई एसआईआर की प्रक्रिया

भोरंज।

विधानसभा क्षेत्र 36-भोरंज के बूथ लेवल अधिकारियों, सुपरवाइजरों को मतदाता सूचियों को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया से अवगत करवाने के लिए यहां मिनी सचिवालय में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला बुधवार को संपन्न हो गई। कार्यशाला के समापन सत्र की अध्यक्षता करते हुए तहसीलदार एवं विधानसभा क्षेत्र 36-भोरंज के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को गहनता के साथ समझें और इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करें।
सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग वर्ष 2002 के बाद इस वर्ष मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण करवाने जा रहा है। इसका मकसद सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करना और अपात्र लोगों के नाम इन सूचियों से हटाकर शुद्ध मतदाता सूचियां तैयार करना है। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने कार्यशाला के दोनों दिन विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां समस्त अधिकारियों के साथ साझा की। उन्होंने कार्यशाला के आयोजन के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों का धन्यवाद भी किया।
कार्यशाला के विभिन्न सत्रों के दौरान जिला निर्वाचन कार्यालय के प्रोग्रामर निखिल भारद्वाज ने बूथ लेवल अधिकारियों, सुपरवाइजरों और एईआरओ को विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।