पेयजल की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का रखें विशेष ध्यान : गंधर्वा राठौड़

हमीरपुर ।

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को जिला में पेयजल की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने, पानी की सैंपलिंग एवं टेस्टिंग करने तथा सभी जलस्रोतों की सफाई के साथ-साथ आम लोगों को भी इसके प्रति जागरुक करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से हमीरपुर के निकटवर्ती स्वाहल क्षेत्र में बीते दिनों सामने आए पीलिया के मामलों की ताजा स्थिति तथा इनके कारणों की रिपोर्ट भी ली।
उपायुक्त ने कहा कि जल शक्ति विभाग के स्रोतों, टैंकों और पाइप लाइनों के अलावा जिला में पुराने प्राकृतिक जलस्रोतों, बावड़ी, कुओं, तालाबों और खातरियों, लोगों के अपने घरों तथा विभिन्न संस्थानों की टंकियों की सफाई पर भी विशेष ध्यान की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्राइवेट बोरवैलों के पानी की टेस्टिंग भी होनी चाहिए।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सभी स्कूलों की टंकियों की नियमित रूप से सफाई करवाने तथा इनकी लॉगबुक को अपडेट रखने के निर्देश दिए। लॉगबुक में सफाई की तिथि और अन्य जानकारी दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पानी की टेस्टिंग के लिए सभी आंगनवाड़ी केंद्रों, हाई स्कूलों, सीनियर सेकंडरी स्कूलों, ग्राम पंचायतों और ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समितियों को जल शक्ति विभाग की ओर से दी फील्ड टेस्टिंग किट्स दी गई हैं। सभी संस्थान, पंचायतें और स्वच्छता समितियां इन किट्स का प्रयोग करते हुए नियमित रूप से पानी की टेस्टिंग करंे।
गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि प्राकृतिक जलस्रोतों की सफाई सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों को खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से भी विशेष निर्देश दिए जा रहे हैं।
बैठक में डीडब्ल्यूएसएम के सचिव एवं जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता राकेश गर्ग ने मिशन की गतिवधियों और पेयजल टेस्टिंग की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विभाग 8 से 22 मार्च तक जल महोत्सव मना रहा है। इसके तहत विभाग के सभी मंडलों में जलस्रोतों की सफाई की जा रही है तथा आम लोगों को पेयजल की स्वच्छता के प्रति जागरुक किया जा रहा है। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. प्रवीण चौधरी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।