देश ने इतना नेतृत्वहीन, तर्क व तथ्यहीन विपक्ष कभी नहीं देखा: अनुराग सिंह ठाकुर

हमीरपुर:
पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज संसद में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर विपक्षी सांसदों के चर्चा से भागने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष केवल हेडलाइन बनाने में विश्वास रखता है और देश ने इतना नेतृत्वहीन, तर्क व तथ्यहीन विपक्ष पहले कभी नहीं देखा।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि दुर्भाग्य से राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष को यह तक स्पष्ट नहीं है कि उसे करना क्या है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव विपक्ष द्वारा लाया गया है जो लंबित है। आज उस पर चर्चा होनी थी और सरकार पूरी तरह चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन विपक्ष चर्चा करने के बजाय नई मांगें रखकर एक नई चर्चा चाहता है। उन्होंने कहा कि देश ने इतना नेतृत्वहीन, तर्क व तथ्यहीन विपक्ष पहले कभी नहीं देखा। जब चर्चा का विषय सामने आया तो विपक्ष उससे भागने लगा, क्योंकि उनका उद्देश्य केवल हेडलाइन बनाना था।