हमीरपुरवासियों को शॉपिंग कांप्लैक्स के रूप में मिलेगी एक और बड़ी सौगात

हमीरपुर।

अपने गृह जिले के मुख्यालय को नगर निगम का दर्जा देकर और यहां लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर आरंभ करवाने के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू हमीरपुर शहर को एक और बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। यह सौगात होगी, एक भव्य शॉपिंग कांप्लैक्स की।
जी हां, निर्माणाधीन नए बस स्टैंड का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद हमीरपुर शहर के वर्तमान बस स्टैंड को एक भव्य बहुमंजिला शॉपिंग कांप्लैक्स का रूप दिया जाएगा, जिसमें शॉपिंग मॉल, ऑडिटोरियम, पार्किंग और कई अन्य सुविधाओं का प्रावधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस बहुमंजिला शॉपिंग कांप्लैक्स के लिए व्यापक योजना तैयार की जा रही है। सबसे पहले, वर्तमान बस स्टैंड की जमीन को शहरी विकास विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी और नए बस स्टैंड का कार्य पूर्ण होते ही वर्तमान बस स्टैंड की जगह भव्य शॉपिंग कांप्लैक्स का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस कांप्लैक्स में सभी आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान किया जाएगा।
नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा ने बताया कि इस प्रस्तावित शॉपिंग कांप्लैक्स के लिए लगभग 50 करोड़ रुपये की एक बड़ी योजना का खाका तैयार किया गया है। इस योजना में शहरवासियों, कारोबारियों और प्रतिदिन बाहर से बड़ी संख्या में आने वाले लोगों की सुविधाओं तथा हमीरपुर शहर की भविष्य की जरुरतों के अनुसार सभी आवश्यक प्रावधान किए जा रहे हैं, ताकि लोगांे को शहर के बीचों-बीच बेहतरीन सुविधाएं मिल सकें। आयुक्त ने बताया कि इस क्षेत्र को एक बड़े सिटी सेंटर की तर्ज पर विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। हमीरपुर शहर के लिए यह एक बहुत बड़ी सौगात होगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।