नादौन की 12 पंचायतों की 35 मेधावी बेटियों को किया पुरस्कृत

नादौन ।

बाल विकास परियोजना नादौन के अंतर्गत ग्राम पंचायत भरमोटी, गौना, बसारल, भदरोल, मझियार, कमलाह, किटपल, बदारन, झलाण, अमलैहड़, करौर और कलूर की मेधावी छात्राओं के सम्मान में वीरवार को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत एक प्रेरणादायक संवाद शिविर आयोजित किया गया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में वृत पर्यवेक्षक संजय कुमार, क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, 35 लोकल चैंपियन बेटियों तथा उनके अविभावकों ने भाग लिया। इस अवसर पर मेधावी बेटियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए संजय गर्ग ने कहा कि इनकी उपलब्धियां सभी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने मेधावी बेटियों को निरंतर परिश्रम के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। संजय गर्ग ने कहा कि आज लड़कियों को भी शिक्षा, खेलकूद और अन्य क्षेत्रों में लड़कों के समान अवसर प्राप्त हो रहे हैं तथा उन्होंने इन क्षेत्रों में अपनी जोरदार उपस्थिति भी दर्ज करवाई है। बाल विकास परियोजना अधिकारी ने कहा कि आज लड़कियों को शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक व मानसिक रूप से भी आत्मनिर्भर बनना होगा, ताकि वे समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बना सकेें।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की सभी चैंपियन बेटियों अंशिका, कृतिका, अर्पिता, कनन शर्मा, आशिमा शर्मा, सिया, अंशिका, सेजल, पलक, आकांक्षा, सिमरन, शगुन ठाकुर, तानिया शर्मा, सृष्टि, पायल ठाकुर, ऋद्धिमा कुमारी, पलक, भूमिका तथा नैंसी आदि को एक स्मृति चिह्न, नाम पट्टिका, मग, सेनीटेशन किट तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।