एक से 4 मार्च तक आयोजित होगा सुजानपुर का राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव

सुजानपुर ।

ऐतिहासिक नगरी सुजानपुर का चार दिवसीय राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव इस बार पहली मार्च से 4 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। उत्सव की आयोजन समिति ने इसके लिए तैयारियां आरंभ कर दी हैं। उपायुक्त एवं राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव समिति की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को यहां मिनी सचिवालय में जिला एवं उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक करके उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। इस बैठक में सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि यह ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक उत्सव सुजानपुर की पहचान है। इस उत्सव को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा और इसमें कई नई गतिविधियां शामिल की जाएंगी।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि मेले के सफल आयोजन के लिए एसडीएम सुजानपुर को मेला अधिकारी और डीएसपी को मेला पुलिस अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा मेले के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करने और विभिन्न गतिविधियों जैसे-सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनियों, झांकियांे, स्मारिका का प्रकाशन तथा खेलकूद प्रतियोगिताओं इत्यादि के संचालन के लिए अलग-अलग उपसमितियांे का गठन कर दिया गया है।
उपायुक्त ने सभी उपसमितियों के प्रमुखों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दें और फरवरी के दूसरे हफ्ते तक सभी प्रबंधों एवं गतिविधियों की रूपरेखा तय कर दें। सुजानपुर शहर, चौगान और इसके आस-पास के सभी क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, शौचालय एवं सफाई, अग्निशमन और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित मरम्मत कार्य अतिशीध्र पूरे होने चाहिए।
उपायुक्त ने बताया कि एक मार्च को परंपरा के अनुसार भव्य शोभा यात्रा और ऐतिहासिक मुरली मनोहर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ मेले का शुभारंभ किया जाएगा। मेले के दौरान चौगान में विभिन्न विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और संस्थाओं की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। उपायुक्त ने इन प्रदर्शनियों के स्टॉल की डिमांड 10 फरवरी तक भेजने के निर्देश दिए। प्रदर्शनी स्टॉल का शुल्क 11 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। प्लॉट आवंटन, पार्किंग, कानून व्यवस्था, प्रतिभागियों एवं डयूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों के भोजन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई।
इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग, एसडीएम विकास शुक्ला, एसी टू डीसी चिराग शर्मा और अन्य अधिकारियों ने भी उत्सव की तैयारियों की जानकारी दी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।