कल्याणकारी योजनाओं का हो व्यापक प्रचार-प्रसार : सुरेश कुमार,जिला कल्याण समिति की बैठक में विधायक ने अधिकारियों को दिए निर्देश

हमीरपुर,

विधायक सुरेश कुमार ने कहा है कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग समाज के सबसे जरुरतमंद लोगों के लिए काम करता है। इसलिए, इसकी सभी योजनाओं का आम जनता के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार होना चाहिए, ताकि सभी पात्र लोग इनका लाभ उठा सकें। शुक्रवार को यहां हमीर भवन में जिला कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सुरेश कुमार ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष के दौरान जिला में विभाग की सामाजिक सुरक्षा पेंशन और अन्य योजनाओं के माध्यम से कुल 96.06 करोड़ रुपये खर्च किए गए तथा चालू वित्त वर्ष की तीन तिमाही में 68.62 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि जिला में लगभग 52,322 लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। इसी वित्त वर्ष में पेंशन के 1795 नए मामले स्वीकृत किए गए हैं। अंतरजातीय विवाह पुरस्कार योजना के तहत इसी वित्त वर्ष में 62 दंपत्तियों को 30.75 लाख रुपये, दिव्यांग विवाह अनुदान योजना के तहत 7 दंपत्तियों को दो लाख रुपये और 70 दिव्यांग विद्यार्थियों को 6.39 लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी जा चुकी है। राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत 50 परिवारों को कुल दस लाख रुपये की सहायता दी गई है। एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के 21 गरीब परिवारों को स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत मकान निर्माण के लिए डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की राशि आवंटित की जाएगी।
सुरेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विधवा और एकल नारियों को मकान निर्माण के लिए विशेष रूप से तीन लाख रुपये का अनुदान प्रदान करने का निर्णय लिया है। जिला हमीरपुर में 102 महिलाओं ने इसके लिए आवेदन किया है। ये सभी मामले मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज दिए गए हैं। बैठक में महर्षि वाल्मीकि कामगार आवास योजना और अन्य योजनाओं की समीक्षा भी की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने समिति के अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना की जाएगी तथा जिन योजनाओं के लिए बजट की आवश्यकता है, उनकी डिमांड भी तुरंत भेजी जाएगी। समिति के सचिव एवं जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने सभी योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, एडीसी अभिषेक गर्ग, नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, विभिन्न उपमंडलों के एसडीएम, अन्य अधिकारी और समिति के गैर सरकारी सदस्य भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।