पेयजल की गुणवत्ता का ध्यान रखें, सैंपलिंग-टेस्टिंग बढ़ाएं,डीडब्ल्यूएसएम की बैठक में उपायुक्त अमरजीत सिंह ने अधिकारियों को दिए निर्देश

हमीरपुर 26 दिसंबर।

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को जिला में पेयजल की स्वच्छता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और फील्ड में अधिक से अधिक सैंपलिंग एवं टेस्टिंग करवाने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को यहां जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पंचायत जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों और ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समितियों की सक्रिय भूमिका भी बहुत जरूरी है।
उपायुक्त ने कहा कि जल शक्ति विभाग नियमित रूप से पानी के सैंपल ले रहा है। इसके अलावा जिला के सभी सीनियर सेकंडरी और हाई स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों और लगभग 1575 ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समितियों को भी फील्ड टेस्टिंग किट्स दी गई हैं। इन किट्स के माध्यम से पानी की टेस्टिंग बहुत ही आसान है। सभी शिक्षण संस्थानों, पंचायतों और ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समितियों को इन किट्स का उपयोग करना चाहिए, ताकि जिले में पानी की गुणवत्ता उच्चतम स्तर की हो और कहीं पर भी जल जनित रोग न फैल सके।
अमरजीत सिंह ने कहा कि पारंपरिक जल स्रोतों की भी नियमित रूप से सफाई होनी चाहिए। इन पारंपरिक जलस्रोतों और पेयजल स्कीमों स्रोतों के आस-पास कोई भी गंदगी नहीं होनी चाहिए। सीवरेज ट्रीटमेंट संयंत्रों और ठोस कचरा संयंत्रों के संचालन में भी सभी नियमों का पालन होना चाहिए। सभी शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और घरों की टंकियों की नियमित रूप से सफाई होनी चाहिए।
बैठक में डीडब्ल्यूएसएम के सचिव एवं जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता राकेश गर्ग ने मिशन की गतिवधियों और पेयजल टेस्टिंग की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर डीआरडीए की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक डॉ. मोही राम चौहान और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।