भोरंज विधानसभा क्षेत्र में अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई

समीरपुर:

भारतीय जनता पार्टी भोरंज विधानसभा क्षेत्र द्वारा भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती समीरपुर में प्रो. प्रेम कुमार धूमल के आवास पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन भोरंज विधानसभा के दोनों मंडल अध्यक्ष अभयवीर लवली एवं अशोक ठाकुर की संयुक्त अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के आरंभ में दोनों मंडल अध्यक्षों, अभयवीर लवली एवं अशोक ठाकुर ने सभी अतिथियों व कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। इसके उपरांत प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धासुमन अर्पित किए और दीप प्रज्वलन किया। उनके साथ उपस्थित अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी पुष्प अर्पित कर अटल बिहारी वाजपेयी को नमन किया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, व्यक्तित्व और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने सशक्त नेतृत्व से भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से देश की सुरक्षा को मजबूती देना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से ग्रामीण भारत को सड़क नेटवर्क से जोड़ना, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना के जरिए बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना तथा कारगिल युद्ध के दौरान दृढ़ नेतृत्व उनके ऐतिहासिक कार्यों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत है।

मंडल अध्यक्ष अभयवीर लवली ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति में शुचिता, विचारों में स्पष्टता और व्यवहार में सौम्यता का जो उदाहरण प्रस्तुत किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ता अटल जी के आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र सेवा में सक्रिय भूमिका निभाएं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।