8 करोड़ से सुदृढ़ होगी पक्का भरो-कोहली सड़क : अमरजीत सिंह

हमीरपुर ।

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने कहा है कि हमीरपुर शहर और इसके आस-पास के क्षेत्रों मंे यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अमरजीत सिंह ने बताया कि हमीरपुर शहर से गुजरने वाली मुख्य सड़क पर पक्का भरो से कोहली तक दुर्घटना की आशंका और यातायात अवरुद्ध करने वाले स्थानों को चिह्नित किया जा रहा है और इन स्थानों पर आवश्यक मरम्मत के कार्यों, विभिन्न चौकों पर निर्माण कार्यों तथा सड़क के सुदृढ़ीकरण पर 8 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर फुटपाथ के निर्माण के लिए भी धनराशि का प्रावधान किया जा रहा है।
बैठक में उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग, नेशनल हाईवे, परिवहन विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिला में राज्य सड़क सुरक्षा नीति के सभी प्रावधानों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के शिकार लोगों का अब आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध सभी अस्पतालों और अन्य सूचीबद्ध अस्पतालों में डेढ लाख रुपये तक का मुफ्त एवं कैशलैस इलाज हो सकता है। सड़क दुर्घटना के बाद 24 घंटे के भीतर अस्पताल में दाखिल होने पर यह सुविधा मिलेगी और घायल व्यक्ति का अधिकतम सात दिन तक कैशलैस इलाज किया जा सकता है। कोई भी सूचीबद्ध अस्पताल घायल को दाखिल करने से मना नहीं कर सकता है। डेढ़ लाख रुपये तक के इलाज के बाद घायल व्यक्ति को अस्पताल से डिस्चार्ज माना जाएगा और उसे शेष इलाज का खर्चा अन्य माध्यमों से जुटाना होगा। योजना से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के हेल्पलाइन नंबर 14555 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर पर एसपी बलवीर सिंह और एडीसी अभिषेक गर्ग ने भी सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर महत्वपूर्ण सुझाव रखे। जबकि समिति के सचिव एवं लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता दीपक कपिल ने जिला में किए जा रहे सड़क सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।