टैक्नोलॉजी के उपयोग से सुनिश्चित हुई तत्परता और जवाबदेही : अमरजीत सिंह

हमीरपुर।

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने कहा है कि प्रशासनिक और विभागीय कार्यों में आधुनिक तकनीक, विशेषकर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के उपयोग से जहां इन कार्यों में तत्परता आई है, वहीं इनमें पारदर्शिता और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित हुई है। मंगलवार को यहां हमीर भवन में सुशासन सप्ताह के तहत आयोजित अधिकारियों की एक कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि समय एवं परिस्थितियों के साथ प्रशासन की कार्यप्रणाली में भी निरंतर बदलाव आता रहता है, लेकिन इसका मूल उद्देश्य आम नागरिकों की सुविधा के लिए कार्य करना ही होता है।
उन्होंने कहा कि हाल ही के वर्षों में आईटी की क्रांति के कारण अब हर स्तर पर डिजिटल सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे आम आदमी की राह आसान हुई है और प्रशासनिक एवं विभागीय तंत्र में दक्षता आई है। उपायुक्त ने कहा कि हमारे देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था के मजबूत होने, आम नागरिकों में जागरुकता बढ़ने और प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के विस्तार के कारण आम लोगों की अधिकारियों से अपेक्षाएं भी बढ़ गई हैं। इसलिए, सभी अधिकारी अपने कार्यों में डिजिटल टैक्नोलॉजी के माध्यम से तत्परता लाएं। उपायुक्त ने कहा कि जिला सुशासन सूचकांक में जिला हमीरपुर का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। सभी अधिकारियों को इसमें निरंतर सुधार और नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प रहना चाहिए।
इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग ने भी अधिकारियों को संबोधित करते हुए सुशासन के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से किए गए विशेष प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। जबकि, विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए आरंभ की गई डिजिटल सेवाओं से अवगत करवाया।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।