आम लोगों तक पहुंचाएं बैंकों की ऋण योजनाएं : अमरजीत सिंह

हमीरपुर ।

जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक वीरवार को यहां हमीर भवन में उपायुक्त अमरजीत सिंह की अध्यक्षता मंे आयोजित की गई। इस बैठक में 30 सितंबर को समाप्त हुई चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही की उपलब्धियों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जिला में कुल 2282.16 करोड़ रुपये के ऋण आवंटन का लक्ष्य रखा गया है और दूसरी तिमाही की समाप्ति यानि 30 सितंबर तक जिला में 1027 करोड़ रुपये के ऋण आवंटित किए जा चुके हैं। 2025-26 की वार्षिक ऋण योजना का 45 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया है। उन्होंने बताया कि दूसरी तिमाही में सभी बैंकों की जमा राशि 17200.26 करोड़ रुपये रही। दूसरी तिमाही के अंत तक जिला के बैंकों के 3985.66 करोड़ के ऋण थे। सभी बैंकों का ऋण एवं जमा राशि का अनुपात यानि सीडी रेशो 23.17 प्रतिशत रहा।
उपायुक्त ने कहा कि सीडी रेशो में अभी भी काफी सुधार की आवश्यकता है। इसके लिए सभी बैंकों के अधिकारी विशेष प्रयास करें तथा लोगों को अधिक से अधिक ऋण आवंटित करें। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न सब्सिडी योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण आवंटन में देरी नहीं होनी चाहिए। आम लोगों को विभिन्न बीमा और पेंशन योजनाओं से भी अवगत करवाया जाना चाहिए, ताकि वे इनका लाभ उठा सकें।
बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ आशीष सांगड़ा ने भी सभी बैंकों के अधिकारियों से कहा कि वे विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करके अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करें। उन्होंने ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ अभियान में बैंकों की भागीदारी बढ़ाने पर भी बल दिया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।