मुख्यमंत्री का अभिनंदन करेंगे रेहड़ी-फहड़ी और टैक्सी यूनियन के सदस्य

हमीरपुर,

जिला मुख्यालय के रेहड़ी-फहड़ी एवं खोखा यूनियन और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू से भेंट की। उन्होंने सुनील शर्मा बिट्टू को अपनी समस्याओं एवं मुख्य मांगों से अवगत करवाया तथा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित करने के संबंध में चर्चा की।
सुनील शर्मा बिट्टू ने रेहड़ी-फहड़ी एवं खोखा यूनियन और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों की समस्याओं एवं मुख्य मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सम्मान एवं अभिनंदन के लिए इन यूनियनों की ओर से टाउन हॉल में आयोजित किए जाने वाले समारोह के लिए मुख्यमंत्री से उपयुक्त समय लिया जाएगा।
इस अवसर पर राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस नेता राजेश चौधरी, राजेश आनंद और अन्य नेता भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।