कृषि विभाग ने तय की ट्रैक्टर से बुआई, थ्रैशिंग और कटिंग की दरें

हमीरपुर ।

जिला में फसलों की बुआई, कटाई और थ्रेशिंग के मनमाने रेट वसूलने की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए कृषि विभाग ने इनके दाम निर्धारित किए हैं।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. शशिपाल अत्री ने बताया कि जिले के कई क्षेत्रों में ट्रैक्टर एवं अन्य उपकरणों से बुआई, थ्रैशिंग और कटिंग के मनमाने दाम वसूलने की शिकायतें मिल रही थीं। इसको देखते हुए इन कार्यों की दरें निर्धारित की गई हैं, जिन्हें उपायुक्त हमीरपुर ने भी स्वीकृति प्रदान की है।
डॉ. शशिपाल अत्री ने बताया कि ट्रैक्टर से जुताई एवं बुआई का रेट 1200 रुपये प्रति घंटा तय किया गया है। रोटावेटर से जुताई 1320 रुपये प्रति घंटा, कटाई एवं थ्रेशिंग 1320 रुपये प्रति घंटा, पॉवर टिल्लर से बुआई 500 रुपये प्रति घंटा, रिपर से कटाई 1300 रुपये प्रति घंटा और ब्रश कटर से कटाई का रेट 400 रुपये प्रति घंटा निर्धारित किया गया है।
उपनिदेशक ने बताया कि निर्धारित राशि से अधिक दाम वसूलने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।