31 दिसंबर तक बनवाएं अपने परिवार के हिमकेयर कार्ड,मार्च, जून, सितम्बर और दिसंबर बनाए जा सकेंगे हिमकेयर कार्ड

हमीरपुर ।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी ने बताया कि अब साल में सिर्फ चार महीनों मार्च, जून, सितंबर और दिसंबर में ही हिमकेयर योजना के नए कार्ड के लिए पंजीकरण किया जाएगा। इसलिए, इच्छुक एवं पात्र लोग 31 दिसंबर तक अपने परिवार के सदस्यों के कार्ड बनवा लें। कार्डों का नवीनीकरण भी 31 दिसंबर तक करवा सकते हैं। ये कार्ड एक साल के लिए वैध होंगे।

हिमकेयर के अंतर्गत स्मार्ट कार्ड बनाने की ऑनलाइन सुविधा लोकमित्र केंद्रों और साइबर कैफे में उपलब्ध है। आवेदक स्वयं भी वेबसाइट एचपीएसबीवाईएस.इन पर आधार कार्ड, राशन कार्ड, मोबाइल नंबर और श्रेणी प्रमाण पत्र अपलोड करके और 50 रुपये के शुल्क के साथ निर्धारित प्रीमियम का भुगतान करके कार्ड बनवा सकते हैं। हिमकेयर योजना के अंतर्गत श्रेणियों को ध्यान में रखते हुए प्रीमियम की दरें तय की गई हैं।
पहली श्रेणी में बीपीएल परिवार, मनरेगा वर्कर्स और रजिस्टर्ड रेहड़ी-फहड़ी वालों को रखा गया है। इन्हें कोई भी प्रीमियम अदा करने की आवश्कता नहीं है। दूसरी श्रेणी में एकल नारी, 40 प्रतिशत से अधिक विकलांग, दैनिक भोगी, संविदा कर्मचारी, अंशकालिक और आउटसोर्स कर्मचारी 365 रुपये का प्रीमियम देकर अपना हिमकेयर कार्ड बनवा सकते हैं। तीसरी श्रेणी के लाभार्थी जोकि पहली और दूसरी श्रेणी में नहीं आते हैं और वे सरकारी कर्मचारी, पेंशनर या उनके आश्रित परिवार के सदस्य नहीं हैं तो वे 1000 रुपये देकर अपना हिमकेयर कार्ड बनवा सकते हैं।

डॉ. प्रवीण चौधरी ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रायोजित हिमकेयर योजना के अंतर्गत पंजीकृत सरकारी अस्पताल में दाखिल होने पर परिवार को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है। योजना में विभिन्न प्रकार की आम और गंभीर बीमारियों को शामिल किया गया है। डायलिसिस करवाने मरीजों को पंजीकृत निजी अस्पतालों में भी यह सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त पीजीआई. चंडीगढ़ और एम्स बिलासपुर में भी हिमकेयर कार्ड पर मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।