अब हमीरपुर में भी चिट्टे के विरुद्ध मैगा वॉकथॉन की अगुवाई करेंगे मुख्यमंत्री

हमीरपुर ।

चिट्टे जैसे नशीले पदार्थ के सेवन एवं तस्करी के खिलाफ आम लोगों को जागरुक एवं लामबंद करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने गृह जिले हमीरपुर में भी स्वयं मैगा वॉकथॉन की अगुवाई करेंगे। शिमला और धर्मशाला में मैगा वॉकथॉन के बाद हमीरपुर में भी इसी तरह का बड़ा आयोजन किया जाएगा। संभवतः 16 दिसंबर को आयोजित की जाने वाले इस मैगा वॉकथॉन के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस ने जिला प्रशासन एवं अन्य विभागों के सहयोग से तैयारियां आरंभ कर दी हैं। इसकी तिथि शीघ्र ही फाइनल कर दी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश पुलिस के आईजी विमल गुप्ता और उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बुधवार को यहां शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल ब्वायज सीनियर सेकंडरी स्कूल के मैदान में मैगा वॉकथॉन की तैयारियों की समीक्षा की। विमल गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन शिमला और धर्मशाला की तर्ज पर ही किया जाएगा और मुख्यमंत्री स्वयं इसकी अगुवाई करेंगे। इसमें बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों सहित हजारों लोग भाग लेकर चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को ब्वायज स्कूल के मैदान में सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। आईजी ने बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जिले भर से आने वाले लोगों को चिट्टा का विरोध करने की शपथ दिलाएंगे और अपना संदेश देंगे। वह स्कूल मैदान से गांधी चौक, मुख्य बाजार, अस्पताल चौक और बस स्टैंड से वापस स्कूल मैदान तक स्वयं पैदल चलकर हजारों लोगों के मैगा वॉकथॉन की अगुवाई करेंगे। इस अवसर पर पुलिस के प्रसिद्ध ऑर्केस्ट्रा ‘हारमनी ऑफ पाइन्स’ और बैंड का शो भी होगा।
विमल गुप्ता ने आयोजन स्थल पर पेयजल, रिफ्रेशमेंट, सफाई व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर जिला के अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की। मैगा वॉकथॉन के रूट पर यातायात और सफाई व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने दिशा-निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर एसपी बलवीर सिंह, एडीसी अभिषेक गर्ग, एएसपी राजेश कुमार, एसडीएम संजीत सिंह, नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त रामप्रसाद शर्मा, उपायुक्त के सहायक आयुक्त चिराग शर्मा, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक डॉ. मोही राम चौहान, एचआरटीसी के डीएम राजकुमार पाठक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।