6 दिसंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा होमगार्ड्स का स्थापना दिवस

हमीरपुर ।

हिमाचल प्रदेश गृह रक्षा का 63वां राज्य स्तरीय स्थापना दिवस 6 दिसंबर को गृह रक्षा की दसवीं वाहिनी हमीरपुर में भी धूमधाम से मनाया जाएगा।
दसवीं वाहिनी के कमांडेंट लेफ्टिनेेंट कमांडर (सेवानिवृत्त) विनय कुमार ने बताया कि 6 दिसंबर 1962 को स्थापना से लेकर आज तक गृह रक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी हमेशा जिला प्रशासन पुलिस, सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं के साथ मिलकर अपने कर्तव्य का पालन करते आए हैं।
विनय कुमार ने बताया कि इस वर्ष गृह रक्षा का राज्य स्तरीय स्थापना दिवस शिमला में स्थित गृह रक्षा संयुक्त केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान सरघीण में आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह के दौरान प्रदेश की सभी वाहिनीयों द्वारा विभिन्न प्रकार की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन प्रस्तुतियों में बैटल मार्च, परेड मार्च पास्ट, आपदा की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन शामिल है। साथ ही हिमाचल होमगार्ड के ब्रास बैंड द्वारा भी प्रस्तुति दी जाएगी। इसी दौरान सभी वाहिनीयों द्वारा गत वर्ष में किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों की एक झलक भी पेश की जाएगी।
कमांडेंट ने बताया कि दसवीं वाहिनी हमीरपुर ने पिछले एक वर्ष के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस विभाग के साथ मिलकर कानून व्यवस्था आपदा प्रबंधन, यातायात, मंदिर सुरक्षा, खजाना गार्द सुरक्षा, अन्वेषण विंग और रात्रि गश्त इत्यादि में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। दसवीं वाहिनी ने जिले के 137 सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, संस्थाओं और पंचायतों में जाकर लोगों को आपदा प्रबंधन से संबंधित जागरुकता कार्यक्रमों का आयोजन किया, जिनमें लगभग 15,300 लोग उपस्थित रहे तथा उन्होंने आपदा से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां एवं प्रशिक्षण प्राप्त किया। गृह रक्षक जवानों और अग्निशमन कर्मचारियों ने 52 पुरानी बावड़ियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई भी की। इस प्रकार, दसवीं वाहिनी के गृह रक्षकों ने आपदा प्रबंधन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सराहनीय योगदान दिया है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।