संगठन में नई ऊर्जा का संचार: शक्ति सिंह गोहिल ने कहा- ‘बदलाव है जरूरी, कार्यकर्ताओं की राय ली जाएगी’

हमीरपुर,

संगठन सृजन अभियान के तहत जिले की संगठनात्मक नब्ज टटोलने राज्यसभा सदस्य शक्ति सिंह गोहिल ने कहा है कि समय के साथ बदलाव अत्यंत आवश्यक है और इसी उद्देश्य से पार्टी संगठन को मजबूत व जिम्मेदार बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। गोहिल बुधवार को सर्किट हाउस में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

गोहिल ने कहा, “कोई भी चीज हर समय के लिए नहीं होती। एक समय संगठन ठीक था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं। तकनीक युग में अब हम देश के किसी भी जिला अध्यक्ष से आमने-सामने बात कर सकते हैं। इस बदलाव को संगठन में शामिल करना होगा।”

राज्यसभा सदस्य ने कांग्रेस शासनकाल में हमीरपुर की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा, “देश में विकास का काम अगर कोई करती है तो वह कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस सरकार की बदौलत हमीरपुर की साक्षारता दर सर्वोच्च है और यहां के युवा सेना में बड़ी तादाद में सेवा दे रहे हैं। एनआईटी जैसे संस्थान भी इसी दौरान मिले।”

उन्होंने एआईसीसी की चिंता को साझा करते हुए जोर देकर कहा कि संगठन की जवाबदेही तय होनी चाहिए और वह चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि हर समय चुस्त-दुरुस्त रहना चाहिए। “मजबूत संगठन ही लोकसेवी सरकार की नींव है,” उन्होंने कहा।

लोकसभा उम्मीदवार के मामले पर गोहिल ने स्पष्ट किया कि हाईकमान द्वारा तैयार किए गए डेटा के आधार पर ही सभी निर्णय लिए जाएंगे। संगठन में मौजूद गुटबाजी और कार्य performance जैसे मुद्दों पर गहन मंथन किया जाएगा। सबसे महत्वपूर्ण यह कि अब कार्यकर्ताओं की राय और फीडबैक को प्रमुखता से शामिल किया जाएगा।

गोहिल ने कांग्रेस की आंतरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया को रेखांकित करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पारदर्शिता से होता है, जबकि भाजपा में ऊपर से अध्यक्ष थोपे जाते हैं।” हमीरपुर के कार्यकर्ताओं पर उन्होंने अटूट विश्वास जताते हुए कहा, “मुझे यकीन है कि हमीरपुर के कार्यकर्ता भाजपा को जीरो करने की ताकत रखते हैं।”

अभियान की भविष्य की रणनीति के बारे में उन्होंने बताया कि संगठन सृजन में टैलेंट हंट का काम किया जाएगा। जिला अध्यक्ष बनने के बाद उनकी पूरी गतिविधियों पर दिल्ली वार रूम से नजर रखी जाएगी। कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर ही मैदान में उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक काम पूरा नहीं हो जाता, कार्यकर्ताओं से मुलाकातें जारी रहेंगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, विधायक सुरेश कुमार, कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया और अध्यक्ष सुमन भारती सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।