गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से अनुराग सिंह ठाकुर ने की मुलाकात

हमीरपुर:
पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने गोवा की राजधानी पणजी में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से भेंट कर फिडे विश्व कप 2025 व ऐसे ही अन्य वैश्विक आयोजनों की सफल मेजबानी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व व नीतियों के चलते, भारत पिछले 11 वर्षों में बड़े वैश्विक आयोजनों का साक्षी बना है। यह हर्ष का विषय है कि गोवा की भी इसमें महत्वपूर्ण भागीदारी है। गोवा भारत में वैश्विक आयोजनों के लिए एक बड़ा सेंटर बनकर उभरा है। चाहे फ़ीडे शतरंज विश्व कप हो या फ़िल्म फेस्टिवल हो, गोवा सफल आयोजन के जरिए अपनी गहरी छाप छोड़ी है व गोवा को इस प्रतिष्ठित वैश्विक आयोजन की मेजबानी करने पर गर्व है, जो दुनिया भर के बेहतरीन शतरंज खिलाड़ियों को एक साथ लाता है और अंतर्राष्ट्रीय खेलों के लिए एक अग्रणी केंद्र के रूप में भारत की स्थिति को और मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि गोवा के मुख्यमन्त्री प्रमोद सावंत का विजन व उनकी नीतियां प्रशंसनीय हैं। उन्हें भाजपा की विकास की विरासत को आगे बढ़ाते हुए देखना अत्यंत हर्ष की बात है, क्योंकि गोवा ने सभी प्रमुख संकेतकों पर उनके नेतृत्व की अमिट छाप देखी है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।