फलदार पौधों को कोहरे से बचाएं बागवान,उद्यान विभाग के उपनिदेशक राजेश्वर परमार ने दी ऐहतियात बरतने की सलाह

हमीरपुर 19 नवंबर। उद्यान विभाग के उपनिदेशक राजेश्वर परमार ने बताया कि तापमान मंे गिरावट और मौसम के खुश्क होने पर जिला हमीरपुर के विभिन्न क्षेत्रों में कोहरा पड़ने की आशंका बढ़ गई है। इसको देखते हुए सभी बागवान विशेष ऐहतियात बरतें और आम, पपीता, लीची तथा अन्य फलदार पौधों को कोहरे बचाने के लिए विशेष प्रबंध करें।
उपनिदेशक ने बताया कि सर्दी के मौसम में कोहरे के कारण हवा में नमी कम हो जाती है और कम तापमान की वजह से पौधों की कोशिकाएं फट जाती हैं। इससे कई बार आने वाले वर्षों में भी फलदार पौधे कम फसल देते हैं। आम, लीची, पपीता, अमरूद और सिट्रस प्रजाति के सदाबहार फल-पौधों पर कोहरे का काफी प्रभाव देखने को मिलता है।
इसलिए, बागवान अपने फलदार पौधों की नियमित रूप से सिंचाई करते रहें। इससे सतह का तापमान जमाव बिंदु तक नहीं पहुंच पाता है और पौधे पाले के नुकसान से बच जाते है। छोटे पौधों को पुआल से ढकें और ढकते समय दक्षिण-पूर्वी भाग खुला रखें ताकि पौधों को धूप मिलती रहे। शाम के समय सूखे अवशिष्ट, घास तथा सूखे पत्तों को जलाकर, धुआं पैदा करके बगीचे का तापमान बढ़ाया जा सकता है। इसके अतिरिक्त अनुशंसित मात्रा में पौधों में पोटाश डाल दें। इससे कोहरा सहन करने की क्षमता बढ़ जाती है। फलदार पौधों की नर्सरियों मुख्यतः आम की नर्सरी को कोहरे के प्रभाव से बचाने हेतु फल पौधशालाओं को नायलॉन की छायादार जाली (50 प्रतिशत छाया) से ढक देना चाहिए। विभाग द्वारा बताई गई अनुशंसित खादें नत्रजन, फॉस्फोरस और पोटाश की खाद, गली-सड़ी गोबर में मिलाकर बैंड एप्लीकेशन (सतत पट्टी) के रूप में डालें तथा इसके ऊपर से मिट्टी और घास की मल्च से ढक दें। इसके अतिरिक्त कॉपर ऑक्सीक्लोराइड या बोर्डाे मिक्सचर का लेप पौधों के तनों में करना उचित माना गया है।
अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी उद्यान प्रसार अधिकारी या विभाग के अन्य अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।