नशे को खत्म करने के लिए सभी करें सरकार का सहयोग: डॉ. मोहन लाल

नादौन ।
नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर हिमाचल प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित एवं विकास निगम ने मंगलवार को ग्राम पंचायत रैल में एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसकी अध्यक्षता निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल ने की।
इस अवसर पर स्थानीय निवासियों और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैल के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. मोहन लाल ने कहा कि नशे की गंभीर समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने एक व्यापक मुहिम शुरू की है। इस मुहिम को सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए। तभी हम अपनी युवा पीढ़ी को नशे से बचा सकते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार हिमाचल प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित एवं विकास निगम भी प्रदेश के विभिन्न जिलों में जागरुकता शिविर आयोजित कर रही है, ताकि लोगों को निगम की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ नशे के विरुद्ध भी जागरुक किया जा सके।
इससे पहले, निगम के उप महाप्रबंधक सतीश ठाकुर ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा निगम की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। स्थानीय पाठशाला के शिक्षक वीरेंद्र ठाकुर ने भी नशे की समस्या पर अपने विचार रखे। पंचायत प्रधान रेणु बाला ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए निगम के उपाध्यक्ष और अन्य अधिकारियों का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में विपणन बोर्ड के निदेशक मंडल सदस्य रमेश पराशर, निगम की फील्ड अफसर अनीता कुमारी, क्षेत्रीय अधिकारी कुलदीप सिंह, पंचायत उपप्रधान मदन लाल, पंचायत सदस्य अनीता चौधरी, बिहारी लाल, कमलेश लता, बिनता देवी, कमलजीत सिंह, सचिव अंशिका शर्मा, तकनीकी सहायक कुसुम चंदेल, सिलाई अध्यापिका आशा देवी, अन्य गणमान्य लोग तथा स्थानीय पाठशाला के विद्यार्थी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।