मुख्यमंत्री की चिट्टा विरोधी जंग में सभी दें साथ : सुनील शर्मा बिट्टू

हमीरपुर ।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा है कि बच्चों और युवाओं को नशे से बचाने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बहुत ही कड़े कदम उठा रही है। शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मटाहणी के वार्षिक पारितोषिक वितरण एवं बाल दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि मुख्यमंत्री 15 नवंबर को शिमला के रिज मैदान से ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ अभियान शुरू करने जा रहे हैं। चिट्टा जैसे घातक नशीले पदार्थ का सेवन और तस्करी को पूरी तरह खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री ने एक बड़ी जंग का ऐलान किया है। हिमाचल के हर नागरिक को इस चिट्टा विरोधी जंग में प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री का साथ देना चाहिए।
सुनील शर्मा बिट्टू ने शिक्षकों और अभिभावकों से कहा कि बच्चों का विशेष ध्यान रखें तथा उन्हें अच्छे संस्कार देकर जीवन में सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। सभी बच्चों और शिक्षकों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने अपना जन्म दिवस बच्चों को समर्पित किया था। आज के दिन सभी बच्चे जवाहर लाल नेहरू के आदर्शों को आत्मसात करने तथा कड़ी मेहनत के बल पर सफलता हासिल करने का संकल्प लें। इस अवसर पर उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में सराहनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया।
इससे पहले प्रधानाचार्य अंजू चोपड़ा ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। एसएमसी के अध्यक्ष एवं बीडीसी उपाध्यक्ष संजीव शर्मा और अन्य लोगों ने भी बच्चों के साथ अपने विचार साझा किए। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
समारोह में एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेश आनंद, राकेश वर्मा, होशियार सिंह, सुनील कुमार, अनिल चौधरी, शिक्षाविद पीएल चोपड़ा, जेएन अग्निहोत्री, ब्वायज स्कूल हमीरपुर के प्रधानाचार्य मुश्ताक मुहम्मद, अन्य शिक्षक, एसएमसी के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।