नगर निगम के आयुक्त ने लोगों से की सर्वे में सहयोग की अपील

हमीरपुर ।
निगम हमीरपुर के आयुक्त राकेश शर्मा ने बताया कि निगम के सभी वार्डों में सभी सरकारी एवं निजी संपतियों की जियोटैगिंग और भवनों की पैमाइश करने का कार्य हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्राधिकृत एजेंसी आर्यभट्ट जियो इफार्मेटिक्स स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (एजीसैक) और हिमकोस्टे शिमला के माध्यम से किया जा रहा है।
राकेश शर्मा ने शहर के निवासियों और संपत्तियों के मालिकों से अनुरोध किया है कि वे इस सरकारी कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें और आवश्यक जानकारी साझा करें, जो इस कार्य को पूर्ण करने के लिये आवश्यक है। उन्हांेने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को इस डोर टू डोर सर्वेक्षण के संबंध में कोई भ्रम या आपत्ति है, तो वह नगर निगम कार्यालय से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकता है। यदि कोई व्यक्ति अपनी संपति की गलत सूचना देता है और बाद में यह असत्य पाई जाती है तो इसे अपराध माना जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ नगर निगम अधिनियम 1994 के अंतर्गत कार्रवाई हो सकती है। गलत सूचना प्रदान करने वाले व्यक्ति को जुर्माना हो सकता है। आयुक्त ने कहा कि जान बूझकर गलत जानकारी देने और नगर निगम अधिनियम 1994 के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्ति स्वयं जिम्मेवार होंगे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।