पंचायत मतदाता सूचियों के लिए दावे या आपत्तियां 17 तक,सभी पंचायत कार्यालयों में उपलब्ध करवाए गए हैं मतदाता सूचियों के प्रारूप

हमीरपुर ।
जिला हमीरपुर की सभी ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों के प्रारूप प्रकाशित करके इन्हें आम जनता के निरीक्षण के लिए सभी ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियांे, जिला परिषद और जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) के कार्यालयों में उपलब्ध करवा दिया गया है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अमरजीत सिंह ने बताया कि इन मतदाता सूचियों में छूटे लोगों के नाम शामिल करने के लिए दावे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम हटाने के लिए आपत्तियां 17 नवंबर तक संबंधित पुनरीक्षण अधिकारी या खंड विकास अधिकारी के समक्ष स्वयं या अभिकर्ता के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र पर दाखिल किए जा सकते हैं। पंजीकृत डाक द्वारा भी दावे या आपत्तियां भेजे जा सकते हैं, लेकिन ये निर्धारित तिथि तक संबंधित अधिकारी के पास पहुंच जाने चाहिए। दावे और आपत्तियों से संबंधित प्रपत्र इन्हीं अधिकारियों के पास निशुल्क उपलब्ध रहेंगे। मतदाता के लिए पात्रता तिथि एक अक्तूबर 2025 निर्धारित की गई है।
उपायुक्त ने बताया कि सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा 20 नवंबर तक कर दिया जाएगा। पुनरीक्षण अधिकारी के निर्णय खिलाफ 27 नवंबर तक अपील की जा सकती है। इन अपीलों का निपटारा 29 नवंबर तक कर दिया जाएगा और एक दिसंबर को मतदाता सूचियां अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी जाएंगी।
उपायुक्त ने जिला के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदाता सूचियों के प्रारूप का अवलोकन करके इनमें अपने नाम शामिल होने की पुष्टि कर लें, ताकि वे आगामी पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।