हमीरपुर,
जिले के सासन गांव में एक 40 वर्षीय महिला के साथ दरिंदगी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। एक नाबालिग ने महिला से दुराचार का प्रयास किया और जब उसने विरोध किया तो उसे दरांती और डंडे से बुरी तरह जख्मी कर दिया। पीड़िता फिलहाल पीजीआई चंडीगढ़ में जानलेवा घावों के साथ जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही हैं।
घटना सोमवार शाम की है, जब पीड़िता (40) अपने खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान गांव के ही एक 14 वर्षीय किशोर ने, जो एक सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र है, उसने महिला से यौन संबंध बनाने का प्रयास किया। महिला के जोरदार विरोध करने पर किशोर पागलों की तरह बरस पड़ा। उसने पहले दरांती के वार किए और फिर डंडे से महिला के सिर और शरीर पर प्रहार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर धराशायी हो गईं।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से हमले के सबूत (पैन और टूटी हुई स्केल के टुकड़े) बरामद किए और गहन पूछताछ के बाद नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि किशोर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
एएसपी राजेश शर्मा ने बताया कि यह एक संवेदनशील और घृणित मामला है। हमने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि उसने महिला से यौन संबंध बनाने के इरादे से यह हमला किया।
इस वारदात ने पूरे गांव में सदमा और रोष फैला दिया है। ग्रामीण न्याय की मांग कर रहे हैं और इस बात पर हैरान हैं कि इतनी कम उम्र का बच्चा इस कदर निर्मम और जघन्य अपराध कर सकता है। पुलिस किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है, जबकि पीड़िता के परिवार वाले इलाज के लिए संघर्षरत हैं। यह मामला एक बार फिर समाज में बढ़ रही इस तरह की हिंसक प्रवृत्ति पर सवाल खड़ा कर गया है।
Author: Himachal Samvaad







