रैगिंग रोकने के लिए अलर्ट रहें सभी सदस्य: अभिषेक गर्ग

हमीरपुर ।
होटल प्रंबधन संस्थान (आईएचएम) हमीरपुर में मंगलवार को एंटी रैंगिग समिति की बैठक हमीरपुर के एडीसी एवं संस्थान के प्रभारी प्रधानाचार्य अभिषेक गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में समिति के अन्य सदस्य तहसीलदार सुभाष कुमार, नीलकांत भारद्वाज, पंकज भारतीय, संस्थान के अधिकारी, विद्यार्थी प्रतिनिधि और अभिभावक भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एडीसी ने समिति के सभी सदस्यों से कहा कि वे संस्थान या इसके आस-पास के क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखें और अगर रैगिंग जैसी कोई घटना उनके संज्ञान में आती है तो तुरंत सूचित करें। बैठक में सभी सदस्यों ने रैगिंग से संबंधित विभिन्न पहलुओं और इसे रोकने के लिए किए गए आवश्यक प्रबंधों पर व्यापक चर्चा की।
एडीसी ने कहा कि स्थापना के बाद इस संस्थान में आज तक रैगिंग का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद हर समय सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि रैगिंग एक ऐसी कुप्रथा है, जिससे पीड़ित विद्यार्थी पर मानसिक और शारीरिक रूप से बहुत बुरा प्रभाव पड़ता है तथा इसके कारण कई विद्यार्थियों की जान भी जा चुकी है। इसको देखते हुए एंटी रैगिंग कानून में बहुत ही कड़े प्रावधान किए गए हैं। रैगिंग के दोषी विद्यार्थी को बिना वारंट गिरफ्तार किया जा सकता है और उसे तीन साल की सजा तथा जुर्माना हो सकता है।
समिति के सदस्यों को संस्थान में रैगिंग रोधी उपायों से अवगत करवाते हुए विभागाध्यक्ष पुनीत बंटा ने बताया कि संस्थान में 12 अगस्त को एंटी रैगिंग दिवस मनाया गया, जिसमें विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा उन्हें रैगिंग न करने की शपथ दिलाई गई। इसके अतिरिक्त 12 से 18 अगस्त तक मनाए गए एंटी रैगिंग सप्ताह के दौरान भी कई जागरुकता गतिविधियां आयोजित की गईं। बैठक में अन्य सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।