भोरंज में कामगारों को 4 को बांटा जाएगा सामान,विधायक सुरेश कुमार और भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर करेंगे वितरण

हमीरपुर ।
हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड 4 नवंबर को सुबह 10 बजे भोरंज के मिनी सचिवालय में जागरुकता एवं सामान वितरण समारोह आयोजित करेगा, जिसमें भोरंज के विधायक सुरेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे और पात्र कामगारों को आवश्यक सामान वितरित करेंगे। समारोह में बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर भी उपस्थित रहेंगे और क्षेत्र के कामगारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
श्रम कल्याण अधिकारी रश्मि ठाकुर ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं और कार्यक्रम में लाभान्वित किए जाने वाले कामगारों की सूची जारी कर दी गई है। इन्हें इंडक्शन हीटर दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि लाभार्थी या उनके परिवार का कोई भी सदस्य कामगार कल्याण बोर्ड की पंजीकरण कॉपी और आधार कार्ड की प्रतिलिपि सहित सुबह 10 बजे से पहले आयोजन स्थल पर पहुंचकर सभी औपचारिकताएं पूर्ण करवा लें, ताकि उन्हें इंडक्शन हीटर प्राप्त करने में किसी तरह की दिक्कत न आ सके। श्रम कल्याण अधिकारी ने कहा कि जिन कामगारों के नाम सूची में है, वे एक नवंबर से पहले हमीरपुर के बस स्टैंड के निकट स्थित कामगार कल्याण बोर्ड के जिला कार्यालय में आकर टोकन नंबर प्राप्त कर लें।
चार नवंबर को शिविर में टोकन नंबर जमा करवाने पर कामगारों को इंडक्शन हीटर प्रदान दिए जाएंगे। टोकन नंबर या इंडक्शन हीटर प्राप्त करने के लिए कामगारों को किसी भी प्रकार का कोई शुल्क अदा नहीं करना है। लाभार्थी या उनके परिवार का कोई सदस्य आधार कार्ड और बोर्ड की कॉपी साथ लाएं। अगर बोर्ड की कॉपी नहीं है तो आधार कार्ड अवश्य लाएं। अधिक जानकारी हेतु श्रम कल्याण कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-292305 पर संपर्क करें।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।