अनुराग के जन्मदिवस पर हथकरघा व स्वदेशी आंदोलन को युवाओं ने दिया बल

हमीरपुर,

प्रयास संस्था के तत्वावधान में शुक्रवार को सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के जन्मदिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान से प्रेरित होकर व अनुराग ठाकुर के स्वदेशी अपनाओं मुहिम के तहत युवाओं ने “स्वदेशी अपनाओ – हथकरघा बचाओ” प्रदर्शनी का आयोजन किया । प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य हथकरघा उद्योग और स्वदेशी आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान करना था।
गांधी चौक पर स्थानीय महिला बुनकरों और कारीगरों द्वारा निर्मित वस्त्रों एवं हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रयास संस्था के सदस्यों ने बताया कि सांसद अनुराग ठाकुर के सहयोग व मार्गदर्शन में यह अभियान ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक छोटा किंतु महत्वपूर्ण कदम है। इन महिलाओं को अनुराग ठाकुर के सहयोग से लगभग 3 साल पहले मध्यप्रदेश के जबलपुर में ट्रेनिंग करवाई गई थी उसके बाद “चल चरखा” मुहिम के अंतर्गत पहला केंद्र अवाहदेवी में शुरू किया गया था जिसकी सफलता को देखते हुए दो अन्य केंद्र कक्ड़ियार व टौणीदेवी में शुरू किए गए है । 3 केंद्रों के माध्यम से लगभग 100 से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर इस “चल चरखा” मुहिम के तहत उपलब्ध करवाया जा रहा है ।

युवाओं ने ‘स्वदेशी अपनाओ – हथकरघा बचाओ’ का नारा देते हुए स्थानीय महिला बुनकरों द्वारा बनाए गए व प्रदर्शनी में लाए गए वस्त्रों की खरीददारी की व जिला नेतृत्व को भेंट की । प्रदर्शनी में सूती और रेशमी वस्त्रों के साथ-साथ हस्तनिर्मित गृह उपयोगी वस्तुएँ, आचार, बड़ियां, जूट बैग कलाकृतियां भी शामिल थीं।

युवाओं ने कहा, “हथकरघा भारतीय संस्कृति की पहचान है। यदि युवा स्वदेशी उत्पादों को अपनाएँगे, तो यह न केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता लाएगा, बल्कि हमारी परंपराओं को भी जीवित रखेगा।” कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने ‘स्वदेशी संकल्प पत्र’ पर हस्ताक्षर कर देशी वस्त्रों व उत्पादों के उपयोग का प्रण लिया।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि “स्वदेशी आंदोलन महात्मा गांधी की सोच का प्रतीक है। यदि युवा इस दिशा में कदम बढ़ाएँ, तो न केवल देश आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।”

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।