शारीरिक एवं मानसिक विकास और चरित्र निर्माण करती हैं खेलें : नरेश ठाकुर

हमीरपुर ।
छात्र-छात्राओं की जिला स्तरीय अंडर-19 एथलेटिक्स और सांस्कृतिक प्रतियोगिता सोमवार को यहां शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल ब्वायज सीनियर सेकंडरी स्कूल में संपन्न हो गई। राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का समापन किया और विजेताओं को पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए नरेश ठाकुर ने कहा कि खेलकूद हमारे जीवन का अभिन्न अंग है और विशेषकर, बच्चों एवं युवाओं के लिए तो यह अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों का सिर्फ शारीरिक एवं मानसिक विकास ही नहीं होता है, बल्कि इनसे विद्यार्थियों के चरित्र का निर्माण भी होता है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, दृढ़ संकल्प, समर्पण, परिश्रम और कई अन्य ऐसे गुण आत्मसात होते हैं जोकि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने तथा अच्छा नागरिक बनने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। उन्होंने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं में हार और जीत मायने नहीं रखती है। इन प्रतियोगिताओं में टीम भावना के साथ भाग लेना ज्यादा महत्वपूर्ण होता है।
नरेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने खिलाड़ियों की डाइट मनी में रिकॉर्ड वृद्धि करके और प्रदेश में खेलों के इनफ्रास्ट्रक्चर के लिए करोड़ों रुपये का प्रावधान करके प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बहुत बड़ी सौगात दी है। उन्होंने बताया कि नादौन में लगभग 115 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है, जहां प्रदेश के खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलंेगी। ब्वायज स्कूल हमीरपुर के मैदान की भी कायाकल्प की गई है। इससे खिलाड़ियों को काफी सुविधा हो रही है।
इस अवसर पर मेजबान पाठशाला के प्रधानाचार्य मुश्ताक मुहम्मद और एडीपीईओ राजेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। समापन समारोह में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुनील कुमार, होशियार सिंह, सुशील रांगड़ा, जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
—–
प्रज्ञा और पीयूष बने बेस्ट एथलीट
एथलेटिक्स में छात्राओं के वर्ग में हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकासनगर ने ओवरऑल ट्रॉफी जीती और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ककड़ियार की टीम उपविजेता रही। छात्रों के वर्ग में में ब्ल्यू स्टार स्कूल विजेता और रावमापा ककड़ियार उपविजेता रहा। छात्राओं में हिम अकादमी स्कूल विकासनगर की प्रज्ञा वशिष्ठ और छात्रों में ब्ल्यू स्टार स्कूल के पीयूष पटियाल बेस्ट एथलीट घोषित किए गए। छात्राओं की भाषण प्रतियोगिता में रावमापा चौरी प्रथम, बीपीएस जलाड़ी द्वितीय, वाद्य संगीत में रावमापा भोटा प्रथम, द मैगनेट स्कूल द्वितीय, नाटक में द मैगनेट स्कूल प्रथम, एमपीपीएस मलोटी द्वितीय, संस्कृत गीतिका में गर्ल्स स्कूल नादौन प्रथम, रावमापा भोटा द्वितीय, श्लोकोचारण में गर्ल्स स्कूल नादौन प्रथम और हिम अकादमी स्कूल विकासनगर द्वितीय रहा।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।