गुग्गा भक्तों के लिए बड़ी सौगात-भवड़ां में तैयार हुआ भव्य गुग्गा धाम

नादौन।
ग्राम पंचायत अमलैहड़ ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के पैतृक गांव भवड़ां के प्राचीन गुगा मंदिर के समीप एक सुंदर पार्क का निर्माण किया है। इस पार्क की विशेषता यह है कि यहां गुग्गा महाराज की रथ पर सवार विशाल एवं आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसकी ऊंचाई लगभग 20 फुट और लंबाई लगभग 35 फुट है। यह अपनी तरह की एक विशेष मूर्ति है।
पार्क में आगंतुकों के लिए गुग्गा महाराज के जीवन से संबंधित संपूर्ण परिचयात्मक जानकारी भी उपलब्ध करवाई गई है, ताकि श्रद्धालु उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा प्राप्त कर सकें। पार्क परिसर में आगंतुकों की सुविधा हेतु हॉल, किचन शेड, रेन शेल्टर जैसी सुविधाओं का प्रावधान भी किया गया है। इससे यहां धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन सुगमता से किया जा सकेगा।
नादौन के खंड विकास अधिकारी निशांत शर्मा ने बताया कि इस पार्क के निर्माण पर मनरेगा एवं वित्त आयोग से लगभग 35 लाख रुपये की राशि व्यय की गई है। इसमें से मूर्ति पर चार लाख रुपये लागत आई है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना में स्थानीय लोगों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। खंड विकास अधिकारी ने इस शानदार कार्य के लिए ग्राम पंचायत अमलैहड़ के जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों की सराहना की है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री इस भव्य पार्क का लोकार्पण करेंगे।
यह गुग्गा धाम एक प्रमुख ग्रामीण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा और क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करेगा।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।