लदरौर कलां में मेधावी बेटियों को किया पुरस्कृत;महिला एवं बाल विकास योजनाओं की दी जानकारी

भोरंज ।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने सोमवार को बाल विकास परियोजना भोरंज की आंगनवाड़ी वृत्त लदरौर की ग्राम पंचायत झरलोग के आंगनवाड़ी केंद्र लदरौर कलां में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय पंचायत प्रधान मोनिका देवी ने की। इस अवसर पर मेधावी बेटियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में उपस्थित स्थानीय महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बेटियां हमारे समाज व परिवार का आधार हैं। इनके सशक्तिकरण से ही हमारा समाज और देश मजबूत होगा।
इस अवसर पर पर्यवेक्षक आशा रानी ने लोगों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना, बेटी है अनमोल योजना, पोषण अभियान और विभाग की कई अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में सराहनीय प्रदर्शन करने वाली क्षेत्र की नौ मेधावी बेटियों कनिका, रजनी, पूर्वांशी, सुनिधि, वाणी रणौत, प्रियांशी, आंशिका, शगुन और दिव्या धीमान को कार्यक्रम के दौरान स्मृति चिह्न व सामान्य ज्ञान की पुस्तकें देकर पुरस्कृत किया गया। स्थानीय आंगनवाड़ी कर्मचारियों और महिलाओं ने पोषण स्टॉल भी लगाए।
कार्यक्रम में महिला मंडल की प्रधान अंजू देवी, उपप्रधान आशा कुमारी, संदेश कुमारी, सुरेशां कुमारी, मनीषा ठाकुर, पूजा, कृति, पूजा, प्रीति, आंगनवाड़ी कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं भी उपस्थित थीं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।