नगर पंचायत भोरंज की मतदाता सूचियों के प्रारूप किए साझा

भोरंज।
नगर पंचायत भोरंज के विभिन्न वार्डों की मतदाता सूचियों के प्रारूप के पूर्वालोकन एवं चर्चा के लिए मंगलवार को यहां मिनी सचिवालय में एक बैठक आयोजित की गई। एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शशिपाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र भोरंज में शामिल की गई ग्राम पंचायतों के पूर्व जनप्रतिनिधि और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एसडीएम ने बताया कि नगर पंचायत भोरंज के विभिन्न वार्डों के मतदाताओं की मैपिंग का कार्य 8 सितंबर से आरंभ किया गया था, जिसे 17 सितंबर तक पूरा कर लिया गया। मतदाताओं की मैपिंग के बाद मतदाता सूचियों का प्रारूप तैयार किया गया है। एसडीएम ने इस प्रारूप को पूर्व पंचायत जनप्रतिनिधियों और अन्य प्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत किया, ताकि इसमें व्याप्त को दूर किया जा सके और त्रुटिरहित मतदाता सूचियां तैयार की जा सके।
एसडीएम ने बताया कि इस प्रारूप में कुछ ऐसे मतदाता छूट गए हैं, जिन्हें नगर पंचायत के किसी भी वार्ड में नहीं डाला गया है। इस त्रुटि को भी दुरुस्त कर दिया जाएगा।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।