आरसेटी में 34 महिलाओं ने सीखी मशरूम की खेती

हमीरपुर।
ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को मशरूम की खेती का प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के परिसर में आयोजित शिविर शनिवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में 34 महिलाओं ने मशरूम की खेती की बारीकियां सीखीं।
शिविर के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय के प्रमुख नीरज कुमार आनंद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं अपने दैनिक कार्यों के साथ-साथ घर में ही छोटे-छोटे उद्यम या कारोबार स्थापित करके अपनी आय बढ़ा सकती हैं। उद्यम या कारोबार स्थापित करने के लिए उन्हें बैंकों की विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। इसमें आरसेटी भी उनकी मदद कर सकता है।
इस मौके पर आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और सभी प्रतिभागी महिलाओं का स्वागत किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरसेटी में नियमित रूप से आयोजित किए जाने वाले अल्प अवधि वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 18 से 50 वर्ष तक की आयु का कोई भी व्यक्ति निशुल्क प्रशिक्षण ले सकता है। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में रहने, भोजन और अन्य सभी सुविधाएं भी संस्थान की ओर से निशुल्क उपलब्ध करवाई जाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागी महिलाओं ने स्वच्छता की शपथ ली और संस्थान के परिसर में श्रमदान भी किया। इस अवसर पर वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, शिविर के मूल्यांकनकर्ता संसार चंद राणा और विद्यासागर, फैकल्टी मैंबर विनय चौहान और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।