आंगनवाड़ी केंद्र मिनी सधरियाण में सहायिका के लिए आवेदन अब 26 तक

भोरंज।
बाल विकास परियोजना भोरंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत सधरियाण के मिनी आंगनवाड़ी केंद्र मिनी सधरियाण में आंगनवाड़ी सहायिका के पद के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 26 सितंबर तक कर दी गई है।
भोरंज के बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) रवि दत्त ने बताया कि पहले इस पद के लिए 9 सितंबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे और 11 सितंबर को साक्षात्कार रखे गए थे। लेकिन, इसके लिए तीन से कम आवेदन प्राप्त होने के कारण साक्षात्कार स्थगित कर दिए गए हैं और पात्र महिलाओं को आवेदन का एक और मौका देते हुए 26 सितंबर शाम पांच बजे तक सीडीपीओ कार्यालय में सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित सादे कागज पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पहले आवेदन कर चुकी महिलाओं को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने बताया कि आवेदक की आयु 26 सितंबर 2025 को 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा उसका नाम संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए। आवेदक कम से कम बारहवीं पास हो और सभी संसाधनों से उसके परिवार की वार्षिक आय 50 हजार से अधिक न हो। आय के संबंध में तहसीलदार या नायब तहसीलदार अथवा कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र ही मान्य होगा।
सीडीपीओ ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया कुल 25 अंकों के आधार पर होगी। इसमें शैक्षणिक योग्यता के लिए अधिकतम 10 अंक, आंगनवाड़ी कर्मचारी, बाल सेविका, बालवाड़ी अध्यापिका, नर्सरी टीचर या उसी पंचायत में कार्यरत सिलाई अध्यापिका और शिशु पालक के रूप में अनुभव के लिए अधिकतम 3 अंक, 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता के लिए 2 अंक, एससी, एसटी या ओबीसी के 2 अंक, एकल नारी के लिए 3 अंक, केवल दो बेटियों तक सीमित परिवार से संबंध रखने वाली अविवाहित प्रत्याशी या केवल दो बेटियों की माता होने के लिए 2 अंक तथा साक्षात्कार के लिए 3 अंक निर्धारित किए गए हैं।
दस्तावेज सत्यापन, साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के लिए प्रार्थी को 27 सितंबर को सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय भोरंज में मूल प्रमाण पत्रों सहित व्यक्तिगत रूप से स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष उपस्थित होना होगा। इस संबंध में अलग से कोई बुलावा पत्र नहीं भेजा जाएगा। चयन प्रक्रिया संबंधी जानकारी संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र और ग्राम पंचायत में भी उपलब्ध रहेगी। अधिक जानकारी के लिए सीडीपीओ कार्यालय भोरंज में या दूरभाष नंबर 01972-266039 पर संपर्क किया जा सकता है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।