आरसेटी में आरंभ हुआ मशरूम की खेती का प्रशिक्षण

हमीरपुर ।
मट्टनसिद्ध स्थित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर में वीरवार को दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आरंभ हुआ। इसमें महिलाओं को मशरूम की खेती का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय के उप प्रमुख पोविंदर ठाकुर ने इस शिविर का उदघाटन किया।
इस अवसर पर प्रतिभागी महिलाओं को संबोधित करते हुए पोविंदर ठाकुर ने कहा कि आज के दौर में नौकरियों के पीछे भागने के बजाय अगर अपना उद्यम स्थापित किया जाए या कारोबार आरंभ किया जाए तो उससे हम न केवल अपने लिए, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार दे सकते हैं तथा अगली पीढ़ी का भविष्य भी सुरक्षित कर सकते हैं। उन्हांेने कहा कि महिलाएं अपने दैनिक कार्यों के साथ-साथ घर से ही छोटे उद्यम चला सकती हैं। आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाओं को इस दिशा में प्रयास करने चाहिए।
इससे पहले, आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, प्रशिक्षण शिविर के ट्रेनरों और सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आम लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित करने के लिए संस्थान में नियमित रूप से प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के प्रतिभागियों को रहने और खाने की निशुल्क सुविधा के साथ-साथ वर्दी, स्टेशनरी और अन्य आवश्यक सामग्री भी निशुल्क उपलब्ध करवाई जाती है।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक मेहर सिंह, वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, आरसेटी के फैकल्टी मैंबर विनय चौहान और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।