भाजपा ने ऐतिहासिक GST सुधारों के लिए मोदी की प्रशंसा की

हमीरपुर,
जिला भाजपा हमीरपुर ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक GST सुधारों के लिए जमकर प्रशंसा की। भाजपा का दावा है कि इन सुधारों से पूरे देश में ‘जीवन और व्यापार में आसानी’ सुनिश्चित होगी।

GST काउंसिल ने बुधवार रात अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था में ‘अगली पीढ़ी’ के सुधारों को मंजूरी दे दी। इसमें 5% और 18% के दो सरल स्लैब और सुपर लग्जरी सामान व तंबाकू उत्पादों पर 40% का स्लैब शामिल है। इसे स्वतंत्र भारत का सबसे बड़ा सुधार बताते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले की प्राचीर से किया गया एक और वादा पूरा किया है, जिससे देशवासियों को नवरात्रि से पहले एक बड़ा तोहफा मिला है।

हमीरपुर में कांग्रेस के कुछ छुटभइये नेताओं के हाल के बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए राकेश ठाकुर ने कहा कि उनके बयान पूरी तरह से बेतुके और गलत हैं। उन्होंने कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया और छुटभइये पार्टी नेताओं से कहा कि आपदा के समय में वे पहले अपनी सरकारों के कामकाज पर ध्यान दें।

उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और मोदी सरकार हमेशा हिमाचल प्रदेश में आपदा आने पर राज्य के लोगों के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं। दूसरी ओर, जब हिमाचल में अचानक बाढ़ और बादल फटने से सैकड़ों लोग मर रहे थे, तब कांग्रेस के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बिहार में फ़र्जी वोटर अधिकार यात्रा में व्यस्त थे।

राकेश ठाकुर ने जोर देकर कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर और डॉ. सिकंदर कुमार सहित भाजपा नेतृत्व ने आपदा प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए आगे बढ़कर काम किया, जबकि कांग्रेस के कुछ छुटभइये नेता अपनी सरकार की नाकामी को छिपाने के लिए गलत बयानबाजी में लगे रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।