हमीरपुर जिले में घर-घर सर्वे 4 से शुरू होगा, डीसी ने की सहयोग की अपील,आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के प्रगणक घर-घर जाकर टैब पर एकत्रित करेंगे डाटा

हमीरपुर ।
हिमाचल प्रदेश सरकार का आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग जिला हमीरपुर में भी 4 सितंबर से राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण (एनएसएस) आरंभ करने जा रहा है। उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि यह सर्वे सांख्यिकी एवं कार्यान्वयन मंत्रालय के सहयोग से शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक सकेतकों पर आधारित राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण का कार्य बहुत ही महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इस सर्वेक्षण के माध्यम से एकत्रित आंकड़ों के आधार पर ही सरकारी योजनाएं एवं नीतियां तैयार की जाती हैं। अमरजीत सिंह ने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान जिला सांख्यिकी कार्यालय के प्रगणक घर-घर जाकर टैब एपलीकेशन पर जानकारी एकत्रित करेंगे।
उपायुक्त ने सभी जिलावासियों से अपील की है कि वे इस सर्वेक्षण में सहयोग करें और प्रगणकों को सही एवं वास्तविक जानकारी उपलब्ध करवाएं। सर्वेक्षण के माध्यम से एकत्रित जानकारी से जिले में लोगों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का आकलन करने में मदद मिलेगी तथा यह जानकारी लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में सरकार की विकासात्मक योजनाएं तैयार करने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी गोपनीय रखी जाएगी।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।