हमीरपुर और नादौन में मिर्गी के निशुल्क जांच शिविर 9 को

हमीरपुर ।
आम लोगों में मिर्गी के रोग के प्रति जागरुकता बढ़ाने और इससे ग्रस्त लोगों की निशुल्क जांच एवं विशेष उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) नई दिल्ली और दयानंद मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) लुधियाणा के संयुक्त प्रयासों से 9 सितंबर को हमीरपुर और नादौन में विशेष जांच एवं उपचार शिविर आयोजित किए जाएंगे।
एम्स नई दिल्ली के न्यूरोलॉजी विभाग के शोध अध्येता नवीन शुक्ला ने बताया कि 9 सितंबर को जिला आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर में सुबह 9 से दोपहर डेढ़ बजे तक शिविर लगाया जाएगा। इसी दिन दोपहर बाद ढाई बजे से सायं 5 बजे तक नागरिक अस्पताल नादौन में शिविर आयोजित किया जाएगा।
नवीन शुक्ला ने बताया कि इन दोनों शिविरों में विशेषज्ञ डॉक्टर मिर्गी जैसे रोग से पीड़ित मरीजों की निशुल्क जांच एवं उपचार करेंगे। उन्होंने लोगों, विशेषकर मिर्गी के रोगियों से इन शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।