हिम अकादमी पब्लिक स्कूल. मॉडल एग्ज़िबिशन 2025 में निखरी नवाचार की प्रतिभा

हमीरपुर,

हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर ने गर्व के साथ ए.टी.एल., आई.टी. एवं विज्ञान विषयों पर
एक नवोन्मेषी मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया। इस प्रदर्शनी ने कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों को
अपने रचनात्मक विचारों और कार्यशील प्रोजेक्ट्स को प्रस्तुत करने का गतिशील मंच प्रदान किया।
इस अवसर पर विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने वैज्ञानिक
दृष्टिकोण, नवोन्मेषी सोच और तकनीकी कौशल का परिचय दिया।
प्रदर्शनी का सफल मार्गदर्शन विज्ञान विभाग से श्री विकास और श्रीमती ज्योति ठाकुर, ए.टी.एल. से
श्री विवेक तथा आई.टी. विभाग से श्री सुजान एवं श्रीमती मृदुला द्वारा किया गया। इनके सहयोग से
विद्यार्थियों ने अपने अभिनव मॉडलों को तैयार किया और प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी में आकर्षक विषयों
पर आधारित विभिन्न मॉडल प्रदर्शित किए गए, जिनमें – भूकंप चेतावनी यंत्र, गति-संवेदक युक्त
स्मार्ट स्ट्रीट लाइट, चुंबकों से निर्मित भूकंपरोधी मकान, रसायनों से ऊर्जा उत्पादन, पादप कोशिका
संरचना, बाढ़ चेतावनी प्रणाली, विद्युत के सुचालक एवं कुचालक तथा फायर स्नेक शामिल रहे।
वरिष्ठ छात्रों ने वायरलेस कंडक्शन, आईओटी प्रोजेक्ट – होम ऑटोमेशन, सोलर चार्जर कंट्रोलर, सोलर
ओवन और न्यूटन क्रैडल जैसे उन्नत मॉडल प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया।
प्रदर्शनी में प्रस्तुत मॉडलों का मूल्यांकन मौखिक प्रस्तुति, रचनात्मकता, सामग्री एवं उपकरणों का
उपयोग, कार्यान्वयन की संभावनाएँ तथा नवाचार के आधार पर किया गया। इस पहल ने न केवल
विद्यार्थियों को कक्षा में सीखी बातों को व्यवहारिक जीवन से जोड़ने का अवसर प्रदान किया, बल्कि
उनकी समस्या-समाधान क्षमता और टीम भावना को भी प्रोत्साहित किया।
विद्यालय के चेयरपर्सन प्रो. आर.सी. लखनपाल, निदेशक इंजीनियर पंकज लखनपाल, प्राचार्या श्रीमती
नैना लखनपाल तथा प्राचार्य अकादमिक्स डॉ. हिमांशु शर्मा ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और
विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विभागों की इस पहल की सराहना की, प्रतिभागियों के प्रयासों
की प्रशंसा की तथा इस प्रकार के आयोजनों को वैज्ञानिक जिज्ञासा को बढ़ावा देने, नवाचार की भावना
को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों में खोज की भावना जगाने वाला बताया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।