लोक प्रशासन में उत्कृष्टता पुरस्कार के लिए नामांकन भेजें संबंधित विभाग

हमीरपुर ।
अभिषेक गर्ग ने बताया कि केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत तथा पेंशन मंत्रालय के प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग ने वर्ष 2025 के लिए लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कारों हेतु सभी आवश्यक औपचारिकताओं के साथ ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
एडीसी ने बताया कि लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार योजना का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकारों के जिलों और संगठनों द्वारा किए गए असाधारण और अभिनव कार्यों को मान्यता देना और पुरस्कृत करना है। ये पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पुरस्कारों की पहली श्रेणी में 11 प्राथमिकता क्षेत्र कार्यक्रमों के अंतर्गत जिलों के समग्र विकास का आकलन किया जाएगा और इसके अंतर्गत 5 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके आकलन की अवधि 1 अप्रैल 2022 से 30 सितंबर 2025 तक होगी।
दूसरी श्रेणी में आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत 5 पुरस्कार दिए जाएंगे। इसमें 01 अप्रैल 2023 से 30 सितंबर 2025 तक की उपलब्धियों का आकलन किया जाएगा। तीसरी श्रेणी में केंद्रीय मंत्रालयों एवं विभागों, राज्यों और जिलों को नवाचार के लिए 6 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके आकलन की अवधि भी 01 अप्रैल 2023 से 30 सितंबर 2025 तक की रहेगी।
अभिषेक गर्ग ने बताया कि पुरस्कारों के लिए पंजीकरण और नामांकन प्रस्तुत करने हेतु वेब पोर्टल औपचारिक रूप से 2 अक्टूबर से शुरू किया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग श्रेणियों में प्रधानमंत्री पुरस्कारों के लिए आवेदन हेतु सभी औपचारिकताएं पूरी करने और फील्ड से डाटा एकत्रित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विकास के कई मानकों में जिला हमीरपुर को देश के अग्रणी जिलों में जाना जाता है। इसलिए, विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार के लिए आवेदन हेतु सभी संबंधित अधिकारी तत्परता के साथ कार्य करें। एडीसी ने बताया कि पुरस्कार योजना से संबंधित अधिसूचना सभी विभागों को प्रेषित कर दी गई हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।