महिला कर्मचारियों को दी अधिनियम की जानकारी

हमीरपुर ।
कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम-2013 के प्रति महिला कर्मचारियों को जागरुक करने के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने सोमवार को यहां बचत भवन में एक जागरुकता शिविर आयोजित किया।
इस शिविर में अधिवक्ता सुनीता कुमारी, जिला लीगल चाइल्ड प्रोबेशन अधिकारी अंबिला शर्मा और चाइल्ड हेल्पलाइन की समन्वयक मनोरमा देवी ने विभिन्न विभागों की महिला कर्मचारियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम-2013 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों के यौन उत्पीड़न को रोकने के लिए इस अधिनियम में कई विशेष प्रावधान किए गए हैं। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों, विशेषकर महिला कर्मचारियों को इनकी पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर प्रतिभागी महिला कर्मचारियों के साथ एक संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उनकी विभिन्न शंकाओं का निवारण किया गया।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।