पैनल वकीलों को दी नालसा के पोर्टल और एलएसएमएस की जानकारी

हमीरपुर ।
आम लोगों को न्याय सुलभ बनाने और पात्र एवं जरुरतमंद लोगों को राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) की मुफ्त कानूनी सहायता योजना से लाभान्वित करने हेतु जिला हमीरपुर में नियुक्त पैनल वकीलों, रिटेनर वकीलोें और पैरा लीगल वॉलंटियरों के लिए शनिवार को यहां जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के एडीआर सेंटर में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने पैनल वकीलों, रिटेनर वकीलों और पैरा लीगल वॉलंटियरों को नालसा के वेब पोर्टल और लीगल सर्विसेज मैनेजमेंट सिस्टम (एलएसएमएस) के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि नालसा की मुफ्त कानूनी सहायता योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, सटीक रिपोर्टिंग एवं निगरानी सुनिश्चित करने के लिए नालसा ने अपना वेब पोर्टल आरंभ किया है और इसे एलएसएमस प्रणाली से जोड़ा गया है।
इससे पैनल वकीलों, रिटेनर वकीलोें और पैरा लीगल वॉलंटियरों सहित सभी हितधारकों को केसों की डाटा एंट्री, इनकी रिपोर्टिंग एवं ट्रैकिंग और मुफ्त कानूनी सहायता योजना के लाभार्थियों का रिकॉर्ड रखने में काफी सुविधा होगी तथा इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। कुलदीप शर्मा ने सभी पैनल वकीलों, रिटेनर वकीलोें और पैरा लीगल वॉलंटियरों से इस प्रणाली को गहनता के साथ समझने और इसका उपयोग करने की अपील भी की।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।