हाथों में तिरंगा,भारत माता की जय के नारे, हमीरपुर में ‘तिरंगा यात्रा’ में जुटी भीड़*

हमीरपुर ,
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर हमीरपुर भाजपा मंडल ने आज देशभक्ति, संगठनात्मक एकता और जनसंपर्क का भव्य उदाहरण प्रस्तुत करते हुए ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यह यात्रा न केवल राष्ट्रप्रेम का प्रतीक बनी, बल्कि भाजपा के बूथ स्तर तक मजबूत संगठनात्मक ढांचे के संकल्प को भी पुनः स्थापित करने का अवसर बनी।

इस कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने यात्रा में शामिल होकर कार्यकर्ताओं के जोश और समर्पण को सलाम किया।

इस अवसर पर मंडल हमीरपुर की संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया जिसमे जिला उपाध्यक्ष व जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा उपस्थित रहे जिसमे उन्होंने विजय की रणनीति और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया ।

तिरंगा यात्रा से पूर्व शहरी मंडल हमीरपुर में आयोजित एक गरिमामयी संगठनात्मक बैठक में हमीरपुर के मंडल अध्यक्ष श्रीपाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक में उपस्थित हर कार्यकर्ता के चेहरे पर गर्व और संकल्प साफ झलक रहा था।

अपने प्रेरणादायक संबोधन में जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा
“भारतीय जनता पार्टी की ताकत सिर्फ बड़े नेताओं या बड़े कार्यक्रमों में नहीं, बल्कि हर बूथ स्तर के उस कार्यकर्ता में है, जो दिन-रात निस्वार्थ भाव से पार्टी के लिए काम करता है। आज भाजपा देश के अधिकांश राज्यों में सत्ता में है, और इसका श्रेय हमारे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को जाता है। अब समय है कि हम सभी युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए अपने बूथ को मजबूत करें, क्योंकि ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ यह हमारा सिद्ध मंत्र है ।इसमें हमारे स्वतंत्रता संग्राम की कहानियाँ, शहीदों का लहू और देश की एकता का संदेश समाहित है। भाजपा का हर कार्यकर्ता तिरंगे की शान और देश की एकता-अखंडता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने बताया कि
तिरंगा यात्रा देशभक्ति और संगठन का संगम है ।
बैठक के पश्चात शुरू हुई भव्य तिरंगा यात्रा सर्व हित सुधार सभा से भोटा चौक तक गई । हाथों में लहराते तिरंगे, सीने पर गूंजते नारे – “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम”, और “जय भाजपा” – ने माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बनता था। हर कदम पर देशभक्ति के गीत गूंज रहे थे, और स्थानीय नागरिक अपने घरों से निकलकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन कर रहे थे। कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

यह यात्रा केवल एक मार्च नहीं थी, बल्कि यह जनता के साथ जुड़ने, भाजपा की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का जरिया थी ।
इस अवसर पर मंडल महामंत्री तेन सिंह बन्याल ,महामंत्री राजेश ठाकुर , मीडिया प्रभारी विक्रांत भारद्वाज, सुमन कपिल,अशोक, जिला सचिव सुरिंदर मिन्हास, अंकुर कपिल सहित अनेक पदाधिकारी,बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।