नारा और चंगर में दी बैंकिंग योजनाओं की जानकारी

हमीरपुर,
आम लोगों को बैंकों की ऋण योजनाओं और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से लाभान्वित करके उनका वित्तीय समावेशन सुनिश्चित करने तथा उन्हें डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरुक करने के लिए एक जुलाई से 30 सितंबर तक चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान के तहत वीरवार को ग्राम पंचायत नारा और ग्राम पंचायत चंगर में जागरुकता एवं वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
इन कार्यक्रमों की अध्यक्षता करते हुए पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय के प्रमुख नीरज कुमार आनंद ने कहा कि डिजिटल बैंकिंग का प्रयोग करते समय कुछ आवश्यक सावधानियां बरती जानी चाहिए। हमें अपना पासवर्ड या अन्य महत्वपूर्ण गोपनीय जानकारी किसी के साथ सांझा नहीं करनी चाहिए और किसी भी अनजान एवं संदिग्ध फोन कॉल या मैसेज पर अपने बैंक खाते से संबंधित जानकारियां नहीं देनी चाहिए। उन्होंने पीएम जन धन योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और अन्य योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरुक किया तथा इनका लाभ उठाने की अपील की।
पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के निदेशक अजय कतना ने भी लोगों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के फॉर्म मौके पर ही भरे गए तथा इन्हे संबंधित बैंक शाखा को प्रेषित किया गया। इस अवसर पर जिला अग्रणी प्रबंधक कार्यालय के अधिकारी अनिल कुमार, आरसेटी के फैकल्टी मैंबर संजय हरनोट, अन्य अधिकारी, स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधि और अन्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।