पीएनबी के ऋण आवंटन कार्यक्रम में 18 करोड़ रुपये के ऋण मंजूर

हमीरपुर ।

पंजाब नेशनल बैंक के मुख्यालय के निर्देशानुसार बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर ने वीरवार को यहां एनजीओ भवन में मैगा रिटेल क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया। पीएनबी मुख्यालय दिल्ली के महाप्रबंधक अमिताभ राय इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ऋण के 112 आवेदनों को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की गई, जिनकी कुल राशि 18.11 करोड़ रुपये है।
इस अवसर पर अमिताभ राय ने लोगों को गृह ऋण, मोटर वाहन ऋण, शिक्षा ऋण, पीएनबी प्रॉपर्टी लोन और कई अन्य ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्हांेने बैंक की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में भी बताया तथा इन सभी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक हमेशा उपभोक्ताओं की सेवा के लिए तत्पर रहता है और यह आम लोगों के लिए वित्तीय सलाहकार के रूप में भी कार्य करता है।
सर्कल कार्यालय के प्रमुख नीरज कुमार आनंद ने भी लोगों से पीएनबी की विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि बैंक के अधिकारी सदैव आम लोगों की मदद एवं मार्गदर्शन के लिए उपलब्ध रहते हैं तथा सभी सेवाओं को तत्परता के साथ आम लोगों तक पहुंचाते हैं।
मुख्य प्रबंधक एवं पीएनबी की रिटेल एग्रीकल्चर एंड एमएसएमई (रैम) विंग के प्रमुख राहुल लखनपुरिया ने भी विभिन्न ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। वरिष्ठ प्रबंधक अखिल गौतम ने डिजिटल बैंकिंग और कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। सर्कल कार्यालय के उप प्रमुख पविंदर ठाकुर ने कार्यक्रम के दौरान प्राप्त ऋण आवेदनों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। पीएनबी आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों और उपभोक्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य प्रबंधक गोपाल तिवारी और बैंक के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।