भटेड़ गांव को मिलेगा एंबुलेंस रोड और सामुदायिक भवन : सुनील शर्मा बिट्टू

हमीरपुर।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने रविवार को हमीरपुर के निकटवर्ती गांव भटेड़ का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर उनकी व्यक्तिगत, सामाजिक और विकास संबंधी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। मौके पर ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई समस्याओं के समाधान के निर्देश जारी किए।
गांववासियों ने सुनील शर्मा बिट्टू के समक्ष एंबुलेंस रोड, सामुदायिक भवन, श्मशान घाट के रास्ते और कई अन्य समस्याएं एवं मांगें रखीं। सुनील शर्मा बिट्टू ने मौके पर ही अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर गांव के लिए एंबुलेंस सड़क का निर्माण करने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव में सामुदायिक भवन के निर्माण और श्मशान घाट के लिए उचित रास्ता बनाने के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों को शीघ्र ही शुरू कर, समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।
अपने संबोधन में सुनील कुमार बिट्टू ने कहा कि लोकतंत्र जनता की सहभागिता से ही मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि आज कुछ नेता पैसे की ताकत के बल पर लोगों को गुमराह करने की कोशिश करते हैं, लेकिन जनता को ऐसे प्रलोभनों में नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर देश, प्रदेश और अपने गांव के हित में निर्णय लेने चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जनता के नेता हैं और जनता की हर छोटी-बड़ी समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसका समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भटेड़ गांव समेत पूरे क्षेत्र के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और वह स्वयं हर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के लिए जनता के बीच पहुंच रहे हैं। सुनील शर्मा बिट्टू ने लोगों से आह्वान किया कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या हो तो वे बेहिचक उनसे संपर्क करें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके और गांव तरक्की की ओर बढ़े।
इस अवसर पर गांववासियों ने मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों से चली आ रही समस्याओं को समझा और मौके पर ही उनके समाधान के लिए कदम उठाए। ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इन निर्णयों के बाद उनके गांव का विकास और तेजी से होगा।
इस दौरान सुनील कुमार बिट्टू ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, सामाजिक कल्याण योजनाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं और शिक्षा से संबंधित लाभों की भी जानकारी दी और कहा कि सभी लोग इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
ग्रामीणों ने आश्वासन दिया कि वे सरकार और प्रशासन के साथ मिलकर अपने गांव के विकास में पूरा सहयोग करेंगे और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
इस दौरान उनके साथ एपीएमसी के चेयरमैन अजय शर्मा, निवर्तमान जिला कांग्रेस के अध्यक्ष सुमन भारती, राजेश आनंद, राजेश चौधरी, देवीदास शहंशाह अध्यक्ष शहरी कांग्रेस, राकेश वर्मा, प्रेम चंद, मरोड़ी गांव के लोगों में प्यार चंद, रमेश, राकेश कुमार, विनोद, राजेश कुमार, हंसराज, शशि, पुरषोत्तम, दीपो देवी, आशा देवी, सिमरो देवी, कुंता देवी, नीलमा देवी समेत अन्य गांववासी भी मौजूद रहे।।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।