मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश के कामगारों को 14 योजनाओं से किया जा रहा है लाभान्वित : नरदेव सिंह कंवर

हमीरपुर ।
हिमाचल प्रदेश भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा प्रदेश भर के कामगारों के लिए संचालित की जा रही 14 कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ आम कामगारों तक पहुंचाया जा रहा है।
इन कामगारों को मातृत्व एवं पितृत्व प्रसुविधा, चिकित्सा सहायता, बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर पीएचडी तक छात्रवृत्ति, हॉस्टल का खर्च, विवाह अनुदान, पेंशन, दुर्घटना में विकलांग होने पर विकलांगता पेंशन, दुर्भाग्यवश मृत्यु पर परिवार को राहत राशि, दिव्यांग बच्चों की देखभाल के लिए सहायता राशि, बेटी के नाम एफडी, मकान निर्माण के लिए धनराशि और कई अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इन सुविधाओं के अलावा कामगारों को उनकी दैनिक जरुरतों का सामान जैसे इंडक्शन चूल्हा इत्यादि भी प्रदान किया जा रहा है।
एक जुलाई को धनेटा में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वारा’ कार्यक्रम के दौरान भी मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन उपमंडल के लगभग 360 कामगारों को हिमाचल प्रदेश भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की योजना के तहत इंडक्शन चूल्हे प्रदान किए। इनमें महिला कामगारों की संख्या ज्यादा रही।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और विधायक कमलेश ठाकुर से इंडक्शन चूल्हे प्राप्त करके क्षेत्र के कामगार काफी गदगद दिखे। गांव भदरूं की कामगार अर्चना कुमारी, लोहारडा की सुमना देवी, रंगस की वीना देवी, प्लासी की कमला देवी, नीता देवी और रक्षा देवी, गांव सलयाल के अनिल कुमार, लाहड़ के किशोरी लाल, टिल्लू के अजय कुमार, मझियार के रवि कुमार, झमेर के अनूप कुमार और अन्य कामगारों ने बताया कि उन्हें बोर्ड के माध्यम से कई प्रकार की सुविधाएं मिल रही हैं। मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इन कामगारों ने कहा कि उनकी जनकल्याणकारी नीतियों से आम लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
उधर, हिमाचल प्रदेश भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बोर्ड की सभी योजनाओं का लाभ पात्र कामगारों तक पहुंचाने की दिशा में तत्परता के साथ कार्य किया जा रहा है। इससे प्रदेश के लाखों कामगार लाभान्वित हो रहे हैं।
-0-
फाइल फोटो का कैप्शन: नादौन उपमंडल के गांव धनेटा में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान इंडक्शन चूल्हे प्राप्त करते कामगार।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।