हमीरपुर में जल शक्ति विभाग को सबसे ज्यादा नुक्सान

हमीरपुर ।

जिला हमीरपुर के अधिकांश क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश तथा मंडी एवं कुल्लू जिले में भीषण आपदा के कारण ब्यास नदी के जल स्तर में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण जल शक्ति विभाग का भारी नुक्सान हुआ है। जिला हमीरपुर में अभी तक हुए नुक्सान के आंकड़ों पर नजर डालें तो जल शक्ति विभाग की विभिन्न पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं की करोड़ों रुपये की क्षति हुई है।
बुधवार दोपहर तक जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) में प्राप्त नुक्सान के आंकड़ों के अनुसार अभी तक मॉनसून सीजन के दौरान जिला में सरकारी और निजी संपत्ति का कुल 46.69 करोड़ रुपये का नुक्सान हो चुका है।
इसमें से जल शक्ति विभाग को सर्वाधिक 34.07 करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग को 12.07 करोड़ और बिजली बोर्ड को 8.69 लाख रुपये की क्षति हुई है। बागवानी विभाग ने विभिन्न फसलों को हुए 2.17 लाख रुपये के नुक्सान की रिपोर्ट प्रेषित की है। 3 पक्के मकानों की 4.50 लाख रुपये की क्षति हुई है तथा 3 कच्चे मकान भी ध्वस्त हुए हैं, जिनमें लगभग 4.70 लाख रुपये के नुक्सान का अनुमान है। जिले भर में 23 डंगे भी गिरे हैं, जिनमें लगभग 19.50 लाख रुपये की क्षति हुई है। 15 गौशालाओं के ध्वस्त होने से लगभग 12.73 लाख रुपये का नुक्सान हुआ है।
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने सभी विभागों के फील्ड अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में हुए नुक्सान की रिपोर्ट तुरंत भेजें, ताकि प्रभावित लोगों की मदद की जा सके।
उन्होंने कहा कि बरसात को देखते हुए सभी जिलावासी विशेष ऐहतियात बरतें और नदी-नालों के पास न जाएं। भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों से भी दूर रहें। भारी बारिश में घर से बाहर निकलने का जोखिम न उठाएं। खराब मौसम में पेड़ांे के नीचे आश्रय न लें तथा बिजली की तारों से सुरक्षित दूरी बनाएं रखें। ब्यास नदी के किनारे वाले क्षेत्रों के लोग नदी के पास न जाएं।
उपायुक्त ने किसी भी आपातकालीन स्थिति में स्थानीय प्रशासन या जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के टॉल फ्री नंबर 1077 अथवा दूरभाष नंबर 01972-221277 पर संपर्क करने की अपील भी की है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।