प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लिए ऑनलाइन आवेदन करें भोरंजवासी

भोरंज ।

नगर पंचायत भोरंज में शामिल हुई ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के क्रियान्वयन को लेकर एसडीएम शशिपाल शर्मा ने शुक्रवार को इन ग्राम पंचायतों के सचिवों के साथ बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नवगठित नगर पंचायत क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के प्रति जागरुकता बढ़ाना और इससे अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित करना था।
इस अवसर पर एसडीएम ने योजना की रूपरेखा, पात्रता, मानदंड एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत वे सभी परिवार, पति, पत्नी एवं अविवाहित बच्चे पात्र हैं, जिनकी वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम है और उनके पास देश में कहीं पर भी कोई पक्का मकान नहीं है तथा वे नगर पंचायत क्षेत्र भोरंज में भूमि के स्वामी हैं।
उन्होंने बताया कि इस योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी है। पात्र एवं इच्छुक लोग प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के वेबपोर्टल पीएमएवाईएमआईएस.जीओवी.इन  pmaymis.gov.in पर स्वयं अथवा निकटतम लोकमित्र केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
एसडीएम ने सभी पंचायत सचिवों को अपने-अपने क्षेत्रों में इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि सभी पात्र लोग इसके लिए आवेदन कर सकें। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को नगर पंचायत की ओर से भी हर स्तर पर आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जाएगा।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।