मॉक एक्सरसाइज को गंभीरता से लें सभी संबंधित अधिकारी : अमरजीत सिंह

हमीरपुर,

उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे 6 जून को भूकंप जैसी आपदा पर आयोजित होने वाली प्रदेशव्यापी मॉक एक्सरसाइज को गंभीरता से लें और इस संबंध में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और राष्ट्रªीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करें।  बुधवार को यहां हमीर भवन में आयोजित बैठक में उपायुक्त ने बताया कि 6 जून को मॉक एक्सरसाइज के दौरान जिला के सभी उपमंडलों में कम से कम दो-दो स्थानों पर भूकंप और इससे संबंधित अन्य आपदाओं से बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बचाव एवं राहत कार्यों को इंसीडेंस रिस्पांस सिस्टम और आपदा प्रबंधन प्लान के अनुसार निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार ही अंजाम दिया जाएगा। इंसीडेंस रिस्पांस सिस्टम और आपदा प्रबंधन प्लान में हर अधिकारी की जिम्मेदारी पहले से ही निर्धारित है। इसलिए, सभी अधिकारी पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ इन कार्यों को अंजाम दें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने बताया कि मॉक एक्सरसाइज को लेकर मंगलवार को अधिकारियों की एक कार्यशाला आयोजित की जा चुकी है और 3 जून को टेबल टॉप एक्सरसाइज के दौरान मॉक एक्सरसाइज की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। 6 जून को भूकंप का अलर्ट जारी होते ही डीडीएमए का कंट्रोल रूम तुरंत सक्रिय हो जाएगा और उपमंडल स्तर पर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार बचाव एवं राहत कार्य आरंभ कर दिए जाएंगे। मॉक एक्सरसाइज के दौरान पर्यवेक्षक सभी गतिविधियों पर पैनी नजर रखेंगे और इन गतिविधियों की लाइव स्ट्रिमिंग भी होगी।
बैठक में एडीसी अभिषेक गर्ग ने अधिकारियों को मॉक एक्सरसाइज के संबंध में एसडीएमए और एनडीएमए की ओर से जारी विभिन्न दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। इस अवसर पर एसपी भगत सिंह ठाकुर और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।